← Back to list

वो मर कभी नहीं सकता

इरफ़ान साहब के इंतकाल वाले दिन कुछ लिखा था, उस वक़्त पोस्ट नहीं किया था, आज कर रहा हूँ।

vikas gaur · 2022-01-08 10:39 · 1 claps · 1.4 min read
#irrfan-khan #hasil #qarib-qarib-singlle #piku
Open on Medium ↗

वो मर कभी नहीं सकता

Image Source : Hindustan Times

Image Source : Hindustan Times

इरफ़ान साहब के इंतकाल वाले दिन कुछ लिखा था, उस वक़्त पोस्ट नहीं किया था, आज कर रहा हूँ।

जिस इंसान ने इतने सारे किरदार हमारे दिल में ज़िंदा किये, वो मर कभी नहीं सकता। वो यहीं है, हमारे दिलों में। जब तक हम हैं, वो भी रहेगा।

उसके निभाए किरदारों की बात करना फ़िजूल होगा। पर एक चीज़ है, उसके निभाए किरदार हमारे बीच के लोग हैं। पिछले कुछ सालों से उसके निभाए कुछ किरदार थोड़े अमीर होने लग गए हैं। पीकू, हिंदी मीडियम, कारवाँ और क़रीब क़रीब सिंगल, सभी में किरदार थोड़े पैसे वाले हैं। पर फिर भी उन किरदारों में उसका अल्हड़पन और ज़मीन से वास्ता बरकरार है। सभी किरदारों में वो ‘गरीब की गरीबी जाते-जाते जाती है’ वाली बात है। उसके किरदार बेहद अमीर होकर भी हमारे जैसे ही लगते हैं। और फिर जब वो किरदार कोई उम्दा डायलॉग बोलते हैं तो बात एकदम दिल पर लगती है। एक और ख़ासियत इन किरदारों की ये है कि ये बातें अक्सर गज़ब की बोलते हैं, एकदम फिलॉस्फर वाली और इस आसानी से कि एक अल्हड़ किरदार के मुँह से निकल कर भी वो अजीब नहीं लगती।

अमीर होते हुए भी ज़मीन से जुड़े रहना, अल्हड़ होते हुए भी बातें फिलॉस्फर वाली करना। कितने पहलू, कितनी परतें, फिर भी कुछ भी अटपटा नहीं लगता। विरोधाभासी दिखने वाली जटिलताओं को वो अपनी कला की सलाइयों से गूंथ कर एक स्वेटर सा बुन देता है। फिर और कुछ रह नहीं जाता, सिर्फ एक नरम, गरम और आरामदायक एहसास रह जाता हैं जिसमें मैं और आप सालों से गोते लगाते आये हैं।

हर बात पर बँटने वाले इस देश को आज इरफ़ान ने एक कर दिया। और हाँ याद रहे, वो यहीं है। उससे मिलना है तो उसकी कोई भी फिल्म जो आपकी पसंदीदा हो, आज फिर से देख लीजियेगा। मैं आज फिर से ‘हासिल’ देखूँगा।


메타데이터
post_id
17518e1fa4d2
slug
वो-मर-कभी-नहीं-सकता-17518e1fa4d2
url
https://medium.com/@Vikas_Gaur/%E0%A4%B5%E0%A5%8B-%E0%A4%AE%E0%A4%B0-%E0%A4%95%E0%A4%AD%E0%A5%80-%E0%A4%A8%E0%A4%B9%E0%A5%80%E0%A4%82-%E0%A4%B8%E0%A4%95%E0%A4%A4%E0%A4%BE-17518e1fa4d2
canonical_url
https://medium.com/@Vikas_Gaur/%E0%A4%B5%E0%A5%8B-%E0%A4%AE%E0%A4%B0-%E0%A4%95%E0%A4%AD%E0%A5%80-%E0%A4%A8%E0%A4%B9%E0%A5%80%E0%A4%82-%E0%A4%B8%E0%A4%95%E0%A4%A4%E0%A4%BE-17518e1fa4d2
author_url
https://medium.com/@Vikas_Gaur
status
ok
fetched_at
2026-07-27 15:46:57