← Back to list

The Mindful Parenting — MP 804

केवल मार्क्स से बच्चे का मूल्यांकन न करें — नंबर नहीं, सीखना भविष्य बनाता है

Anil K. Jajodia · 2026-04-25 10:59 · 0 claps · 5.0 min read
#art-of-parenting #child-behaviour #parenting-tips #mindful-parenting #positive-parenting
Open on Medium ↗
Wiki topics: 👨‍👩‍👧 · Family & Parenting

The Mindful Parenting — MP 804

The Mindful Parenting — MP 804

The Mindful Parenting — MP 804

केवल मार्क्स से बच्चे का मूल्यांकन न करें — नंबर नहीं, सीखना भविष्य बनाता है

आज के समय में परीक्षा परिणाम आते ही लाखों घरों में एक ही प्रश्न गूँजता है — “कितने नंबर आए?” लेकिन बहुत कम घरों में यह पूछा जाता है — “तुमने क्या सीखा?”

यहीं से सही पेरेंटिंग की दिशा तय होती है। यदि हम बच्चे का मूल्य केवल मार्क्स से तय करेंगे, तो हम उसकी क्षमता, जिज्ञासा, मेहनत, नैतिकता, प्रतिभा और भविष्य की वास्तविक संभावनाओं को छोटा कर देंगे।

इसलिए आज का बड़ा ही गूढ़ पेरेंटिंग विचार अत्यंत महत्वपूर्ण है — केवल मार्क्स से बच्चे का मूल्यांकन न करें। नंबर नहीं, सीखना भविष्य बनाता है।

एक कहानी

अदिति कक्षा 8 की छात्रा थी। उसे विज्ञानं के प्रयोग, ड्राइंग और स्टेज पर प्रतिभागन बहुत पसंद था। वह सवाल पूछती, चीज़ें समझना चाहती और नई बातें सीखने को उत्साहित रहती। कक्षा के परिणाम आये, गणित में 62 अंक थे। घर पहुँचते ही पिता ने रिपोर्ट कार्ड देखा और बोले — “बस 62? शर्मा जी के बेटे के 94 आए हैं!” अदिति चुप हो गई।

उसी रिपोर्ट कार्ड में साइंस प्रोजेक्ट में A+ ग्रेड था, ड्राइंग में प्रथम और पब्लिक स्पीकिंग का सर्टिफिकेट था, और टीचर की टिप्पणी थी — “एक शानदार, आत्मविश्वासी छात्रा”। पर उस दिन किसी ने यह नहीं देखा। धीरे-धीरे अदिति ने सवाल पूछना कम कर दिया। ड्राइंग छोड़ दी। उसके लिए पढ़ाई अब सीखने के लिए नहीं, तुलना से बचने के लिए होने लगी। ख़ुशी और उल्लास की जगह उदासी और तनाव ने ले ली।

कुछ महीनों बाद उसकी क्लास टीचर और काउंसिलर ने माता-पिता से कहा — “आपकी बेटी केवल मार्क्स वाली नहीं, बल्कि कुछ बड़ा करने वाली प्रतिभा है।” — भारत और दुनिया के सबसे बड़े सामाजिक और राष्ट्रीय सम्मान पदमश्री और नोबल पुरस्कार आदि, मार्क्स के लिए नहीं, विशेष गुणों और नव प्रयोगों के प्रदान किये जाते हैं। परिवार को समझ में आया, उस दिन घर में पहली बार पूछा गया — “अदिति, तुम्हें सबसे अच्छा क्या सीखना लगता है?” और उस एक प्रश्न ने बच्ची को वापस जगा दिया, फिर से सीखने, सिखाने और खुशियों का माहौल बन गया।

मार्क्स जरूरी हैं, पर मार्क्स सब कुछ नहीं

यह समझना बहुत आवश्यक है कि मार्क्स का अपना महत्व है। वे अनुशासन, तैयारी, विषयों की समझ और शैक्षणिक प्रदर्शन का संकेत देते हैं। लेकिन मार्क्स पूर्ण व्यक्तित्व का मापदंड नहीं हैं।

एक बच्चे के जीवन में और भी बहुत कुछ होता है:

  • Creativity # Communication skill # Leadership # Problem solving # Curiosity # Character # Emotional intelligence # Consistency # Compassion # Team spirit

इनमें से अधिकांश चीज़ें रिपोर्ट कार्ड में नहीं लिखी जातीं… पर जीवन इन्हीं से बनता है।

पढ़ाई में, या किसी विषय में औसत होना सब कुछ ख़त्म नहीं कर देता। दुनिया में अनेक लोग ऐसे हुए जिन्हें स्कूल में एवरेज माना गया, लेकिन जीवन में एक्स्ट्रा आर्डिनरी बने।

  • थॉमस एडिसन को पढ़ाई में कमजोर माना गया, अलबर्ट आइंस्टाईन को बचपन में स्लो लर्नर कहा गया, अनेक उद्यमी, कलाकार, खिलाड़ी, वक्ता और आविष्कारक मार्क्स से नहीं, जूनून से आगे बढ़े। इसका अर्थ मार्क्स को नकारना नहीं है… बल्कि यह समझना है कि मार्क्स ही लक्ष्य नहीं हैं।

भारतीय दर्शन

भगवद्गीता कहती है: “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन”

अर्थात कर्म करो, फल पर अधिकार मत रखो। यदि बच्चा सीखने, मेहनत और निरंतरता पर ध्यान देगा, तो परिणाम स्वाभाविक रूप से बेहतर होंगे। जब हम केवल परिणाम पूछते हैं, तो दबाव बढ़ता है। जब हम प्रयास पूछते हैं, सीखने की प्रगति मॉनिटर करते हैं, तो विकास बढ़ता है।

रिपोर्ट कार्ड देखकर

आम तौर पर माता-पिता तुलना करने, कमजोरी और लापरवाही का लेबल लगाने, मार्क्स को बच्चे की वैल्यू मान लेने, केवल पढ़ाई के रिज़ल्ट वाले दिन ध्यान देने, प्रोग्रेस की जगह परसेंटेज पर ही फोकस करने जैसी गलतियाँ करते हैं, इनसे बच्चा पढ़ाई से प्रेम नहीं करता… उससे डरने लगता है।

❌ रिजल्ट आने पर केवल यह मत पूछिए कि कितने नंबर आए?

बल्कि यह सही और जरुरी प्रश्न भी पूछिए:

✅ कौन सा विषय अच्छा लगा? ✅ कहाँ परेशानी आई? ✅ अगली बार क्या ठीक करना है? ✅ किस चीज़ पर तुम्हें बहुत अच्छा लग रहा है? ✅ इस बार क्या नया सीखा?

ऐसे प्रश्न बच्चे को सकारात्मक सोच, सहारा और आगे बढ़ने का माइंडसेट देते हैं।

एक प्रेरक उदाहरण

एक परीक्षा में दो बच्चों को 70% मिले। पहले घर में कहा गया — “बेकार रिजल्ट है।” दूसरे घर में कहा गया — “अच्छा प्रयास है। अब देखते हैं कहाँ सुधार करें।” पहला बच्चा गिल्ट में गया, दूसरा बच्चा ग्रोथ में गया। अंतर मार्क्स में तो था नहीं, लेकिन पेरेंटिंग के अंतर ने दुनिया बदल दी…

बेहतरीन भविष्य के लिए सीखना-समझना है बेहतर

आज की दुनिया तेजी से बदल रही है। आने वाले समय में कई जॉब बदल जाएँगी, नई स्किल आ जाएँगी। ऐसे समय में केवल याद करके नंबर लाने वाला नहीं, सीखना सीख चुका बच्चा आगे बढ़ेगा।

भविष्य उन्हीं का है जो:

  • सीख सकते हैं
  • स्वयं को आवश्यकतानुसार बदल सकते हैं
  • सवाल पूछ सकते हैं
  • संवाद कर सकते हैं
  • नई स्किल पकड़ सकते हैं
  • असफलता से उबर सकते हैं

ये गुण मार्कशीट से नहीं, माइंडसेट से आते हैं। तो मार्क्स के साथ साथ इन गुणों पर भी नजर रखें।

अच्छी पेरेंटिंग के लिए सुझाव

1. प्रयास की सराहना करें — “तुमने मेहनत अच्छी की।”

2. प्रगति का चार्ट बनाइए — पिछली बार से कितना बेहतर हुआ?

3. लर्निंग को चर्चा के केंद्र में रखें — रोज़ पूछें — “आज नया क्या सीखा?”

4. गलतियों को सामान्य रहने दें — गलती हमेशा के लिए फेल नहीं, भविष्य के लिए फीडबैक है।

5. प्रतिभा पहचानिए और उसे बढ़ावा दें — कला, संगीत, खेल, कौशल यह सब प्रतिभा है और इनमें भी भविष्य की अपार संभावनाएं हैं।

आर्ट ऑफ़ पेरेंटिंग

हर बच्चा यूनिक है। कोई गणित में तेज़ है, कोई भाषा में, कोई खेल में, कोई लोगों को जोड़ने में। यदि हम सबको केवल मार्क्स के मापदंड से मापेंगे, तो कई सितारे छिप जाएँगे और कई समय से पूर्व ही ख़त्म हो जायेंगे।

आर्ट ऑफ़ पेरेंटिंग सिखाती है:

  • तुलना नहीं, पहचान # दबाव नहीं, दिशा # आलोचना नहीं, मार्ग दर्शन # केवल रिपोर्ट कार्ड नहीं, रियल चाइल्ड भी देखना

हमारा उद्देश्य केवल अच्छे मार्क्स नहीं… अच्छा और सफल इंसान होना चाहिए।

आत्मचिंतन

अपने आप से पूछें:

  1. क्या मैं बच्चे को मार्क्स से ज्यादा महत्त्व देता हूँ?

  2. क्या मैं तुलना करता हूँ?

  3. क्या मैं प्रयास की सराहना करता हूँ?

  4. क्या मैं बच्चे की असली ताकत जानता हूँ?

  5. क्या मेरा बच्चा पढ़ाई रिजल्ट से डरता है?

याद रखने योग्य पंक्तियाँ

  • नंबर तात्कालिक खुशी दे सकते हैं, पर अन्य गुण जीवन के निर्माण में भी मदद करते हैं।
  • प्रतियोगी परीक्षा के मार्क्स विशेष होते हैं, क्योंकि यह भविष्य तय करने में मदद करते हैं।
  • रिपोर्ट कार्ड एक कागज़ है, बच्चा एक संभावना है।
  • मार्क्स शैक्षणिक प्रगति बताते हैं, फाइनल परिणाम, भविष्य और व्यक्तित्व नहीं।
  • सीखने वाला बच्चा देर से सही, दूर तक जाता है।
  • बार बार तुलना से आत्मविश्वास कम होता है।

चलते चलते

प्रिय अभिभावकों, लगातार पूछा जाने वाला एक प्रश्न — “प्रिय बेटा/बिटिया, इन दिनों तुमने नया क्या सीखा?” आगे की रचना बदल सकता है, पूरा भविष्य बदल सकता है।

केवल मार्क्स से बच्चे का मूल्यांकन न करें। नंबर नहीं, सीखना भविष्य बनाता है।

मार्क्स बच्चे की पढ़ाई का रिजल्ट है, बच्चे का नहीं।

Anil K. Jajodia Life Coach | Motivator | Trainer | Business Consultant (An initiative by Conseil, the training, consulting & publication company)

Email: anilkjajodia@gmail.com

The Mindful Parents — WhatsApp Channel से जुड़ें और हर मंगलवार पाएं एक नया विचार, एक नई दिशा: https://whatsapp.com/channel/0029Vb7BZ3MDTkKCIh32z60o

आइए, मिलकर एक ऐसा भविष्य गढ़ें जहाँ हों सजग माता-पिता के सानिध्य में शानदार बच्चे


메타데이터
post_id
852600f4e352
slug
the-mindful-parenting-mp-804-852600f4e352
url
https://medium.com/@anilkjajodia/the-mindful-parenting-mp-804-852600f4e352
canonical_url
https://medium.com/@anilkjajodia/the-mindful-parenting-mp-804-852600f4e352
author_url
https://medium.com/@anilkjajodia
status
ok
fetched_at
2026-06-09 15:37:30