← Back to list

एक लड़की थी—सीधी, सादी और बिल्कुल साधारण सी। पहली नज़र में कोई भी उसे देखकर यही सोचता कि इस लड़की…

एक लड़की की साधारण पर अनोखी कहानी।

Anupama arya · 2026-05-17 18:31 · 0 claps · 4.3 min read
#inspirational-hindi-story #stories #short-story #inspirational #motivational
Open on Medium ↗
Wiki topics: PSY · Psychology LIT · Literature & Writing 🚀 · Self Improvement ✨ · Lifestyle · General

एक लड़की थी—सीधी, सादी और बिल्कुल साधारण सी। पहली नज़र में कोई भी उसे देखकर यही सोचता कि इस लड़की की अपनी कोई इच्छा नहीं है; जैसे ज़िंदगी चल रही है, वह उसी में खुश है।

लेकिन सच यह था कि उसकी आँखों में हमेशा ढेरों सपने तैरते रहते थे। उसे कहीं पहुँचना था, कुछ बड़ा करना था—और शायद इसी बेचैनी का नाम उसका जीवन था।

यह कहानी है श्रेया की। रतलाम जैसे छोटे शहर में पली-बढ़ी, थोड़ी मासूम, थोड़ी नादान, लेकिन भीतर से बेहद गहरी।

श्रेया ने पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा किया था। लिखने-पढ़ने की दुनिया से उसका दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं था। पर उसमें एक बात अलग थी—उसकी सोच। जब भी वह किसी विषय पर बात करती, लोग अक्सर कह उठते, “श्रेया, तुम बहुत दार्शनिक बातें करती हो।”

शायद यहीं से उसकी कहानी ने करवट ली।

समय बीता और श्रेया की पहली नौकरी लग गई। नए माहौल में उसकी दोस्ती दीप्ति, निवेदिता और प्रभजोत से हुई।

ऑफिस में एक अजीब-सा खेल शुरू हुआ—टीवी पर आने वाले विज्ञापनों के संवाद बदलना। प्रभजोत कोई शब्द बोलती, श्रेया उसे नया रूप दे देती। धीरे-धीरे यही खेल शब्दों से रिश्ता बन गया और अनजाने में श्रेया कविता लिखने लगी।

कुछ समय बाद प्रभजोत ने लिखना छोड़ दिया, लेकिन श्रेया रुक नहीं पाई।

अब वह अकेले लिखती थी। लिखती, पढ़ती और फिर खुद ही अपने लिखे को बेकार समझकर हँस देती।

लेकिन इसी बीच ज़िंदगी ने उसे कुछ ऐसे अनुभव दिए, जिन्होंने उसे भीतर तक बदल दिया। उसे लगा—कुछ बातें सिर्फ महसूस करने के लिए नहीं होतीं, उन्हें शब्द देना भी ज़रूरी होता है।

एक दिन उसने अपनी बड़ी बहन के बेटे रोहन से कहा, “मैं लिखती तो हूँ… पर चाहती हूँ लोग पढ़ें भी।”

नौ साल के रोहन ने तुरंत कंप्यूटर खोला और उसके नाम से ब्लॉग, इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज बना डाला।

दीदी हँस पड़ीं— “अरे! तीसरी क्लास का बच्चा अब तुम्हें सिखाएगा?”

अकाउंट तो बन गए, लेकिन असली समस्या अब शुरू हुई—उन्हें चलाना कैसे है?

श्रेया सोचती शुद्ध हिंदी में थी, लेकिन लिखती हिंग्लिश में। कभी भाव बिगड़ जाते, कभी शब्द। फिर भी वह लगातार लिखती रही।

दिन बीते, महीने गुज़रे और फिर साल। लेकिन उसके सोशल मीडिया पर ऐसा सन्नाटा था, जैसे वहाँ इंसानों की एंट्री ही बंद हो।

फिर एक दिन उसने सोचा— “जब लोग चेहरा दिखाकर वीडियो बनाते हैं, तो मैं क्यों नहीं?”

बस फिर क्या था। बीच की माँग, हल्का मेकअप, कैमरा चेहरे से दो इंच दूर… और हर वीडियो की शुरुआत— “इधर आइए…”

वीडियो देखकर लोगों से ज़्यादा शायद खुद उसे डर लग जाता था।

कभी वह लोगों को जीवन समझाती, तो कभी अचानक पोहे की रेसिपी बताने लगती। एक बार घर में सामान अधूरा था, फिर भी उसने जैसे-तैसे पोहा बनाया और उसका नाम रखा— “कामचोरी वाला पोहा।”

एक ही दीवार, एक ही दरवाज़ा और लगभग एक ही कपड़ों में पचास वीडियो। घर वाले मज़ाक उड़ाते हुए कहते, “कम से कम कपड़े तो बदल लिया करो!”

लेकिन इस मामले में श्रेया इतनी आलसी थी कि उसे वही सबसे आसान लगता।

एक वीडियो में उसने स्ट्रेटनर का ऐड किया और कहा, “देखिए, एक हफ्ते पहले इस्तेमाल किया था… बाल अब भी वैसे ही हैं।”

घर वालों ने तुरंत जवाब दिया, “ये ऐड कम, बाल ना धोने की सच्चाई ज़्यादा लग रही है।”

उसने कभी मेकअप इन्फ्लुएंसर बनने की कोशिश की, कभी डांस, कभी कुकिंग, कभी वॉइस रिकॉर्डिंग। लेकिन हर बार उसकी गाड़ी जाकर वहीं अटक जाती— ज़ीरो व्यूज पर।

इधर रोहन को लगा कि मासी इतनी मेहनत कर रही हैं और कोई प्रतिक्रिया ही नहीं आ रही। उसने एक फेक ईमेल आईडी बनाई और खुद ही अच्छे-अच्छे कमेंट करने लगा।

जब श्रेया ने वे कमेंट पढ़े, तो उसे लगा— शायद उसकी मेहनत सच में लोगों तक पहुँच रही है।

धीरे-धीरे उसने अपनी आवाज़ रिकॉर्ड करनी शुरू की। ना प्रोफेशनल माइक, ना रिकॉर्डिंग की समझ।

आज जब वह अपनी पुरानी रिकॉर्डिंग सुनती है, तो खुद ही हँस पड़ती है। उसे लगता है उस दौर में उसकी आवाज़ से ज़्यादा सुर शायद कौए में थे।

इसी संघर्ष के बीच दीप्ति उसकी सबसे मज़बूत साथी बनकर सामने आई। श्रेया जो भी लिखती, सबसे पहले दीप्ति को सुनाती।

दीप्ति उसकी तारीफ कम और गलतियाँ ज़्यादा बताती—और यही चीज़ श्रेया के लेखन को बेहतर बनाती गई।

फिर उसकी ज़िंदगी में ऋचा आई—सोशल मीडिया की समझ रखने वाली उसकी भांजी।

ऋचा ने साफ कहा, “मासी, कंटेंट बुरा नहीं है… लेकिन यह साधारण खिचड़ी है। इसे स्पेशल बनाना पड़ेगा—रणवीर बरार जैसी।”

उसने घर की कटोरियाँ, चम्मच, पापा के डंबल, यहाँ तक कि उनकी कार तक श्रेया के वीडियो के लिए इस्तेमाल करवा दी।

बस, यहीं से श्रेया ने खुद को नए तरीके से पेश करना शुरू किया।

इसी सफर में सिद्धांत और प्राची भी उसके साथ मज़बूती से जुड़े। जब श्रेया खुद पर शक करने लगती, तब ये दोनों उसे उसकी ही मेहनत याद दिलाते। कभी नए आइडिया देकर, कभी हौसला बढ़ाकर और कभी सिर्फ उसके साथ खड़े रहकर—उन्होंने श्रेया के सफर को टूटने नहीं दिया। श्रेया जानती थी कि सफलता कभी अकेले नहीं बनती; उसके पीछे कई लोगों की चुपचाप की गई मेहनत भी होती है।

फिर लॉकडाउन आया। उसी दौरान उसकी एक कविता पहली बार एंथोलॉजी में चुनी गई। पचास कविताओं में से सिर्फ एक चुनी गई थी—और वही एक चयन उसे भीतर तक खुशी दे गया।

इसके बाद कई प्रकाशकों ने उससे लिखवाया, लेकिन श्रेया को भीतर से संतोष नहीं मिला। उसे संघर्ष वाला रास्ता पसंद था, जहाँ चयन आसान नहीं होता।

फिर उसने बड़े अखबारों का रुख किया—‘अमर उजाला’, ‘हिंदुस्तान’ और कई स्थानीय अखबार। सालों तक जवाब नहीं आया। लेकिन वह लिखती रही।

आख़िरकार 2023 में उसका लेख पहली बार ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित हुआ। फिर धीरे-धीरे उसके शब्द अलग-अलग मंचों तक पहुँचने लगे। रेडियो, इंटरव्यू, वेब सीरीज़—वह हर जगह खुद को आज़मा रही थी।

लोग अब भी कहते थे— “इतने साल हो गए, अब क्या ही होगा?”

लेकिन श्रेया को अब इन बातों से फर्क पड़ना बंद हो चुका था।

एक सुबह उसकी नींद फोन की घंटी से खुली। अनजान नंबर था। वह आमतौर पर ऐसे कॉल नहीं उठाती थी, लेकिन उस दिन पता नहीं क्यों उसने फोन उठा लिया।

दूसरी तरफ एक बड़ी कंपनी थी, जो उसके साथ विज्ञापन करना चाहती थी।

फोन कटने के बाद वह देर तक खुद से यही सोचती रही— “मुझे एक्टिंग तो आती नहीं…”

फिर उसने खुद ही खुद से कहा— “कोशिश तो आती है।”

और शायद उसकी पूरी कहानी का सार भी यही था।

फिर वह दिन आया, जिसका उसने कभी सपना देखा था। 26 मई 2026—शहर में उसका पहला बड़ा होर्डिंग लगा। उसी दिन अखबार में उसकी कविता प्रकाशित हुई। और आगे रेडियो इंटरव्यू की घोषणा भी हो गई।

आज श्रेया अपनी पहली स्वतंत्र किताब पर काम कर रही है। जो लोग कभी उसे साधारण समझकर नज़रअंदाज़ करते थे, अब वही उसकी कहानी जानना चाहते हैं।

यह कहानी सिर्फ श्रेया की नहीं है। यह उन सभी लोगों की कहानी है, जो धीरे चलते हैं… लेकिन रुकते नहीं।


메타데이터
post_id
cefded05730a
slug
एक-लड़की-थी-सीधी-सादी-और-बिल्कुल-साधारण-सी-पहली-नज़र-में-कोई-भी-उसे-देखकर-यही-सोचता-कि-इस-लड़की-cefded05730a
url
https://medium.com/@anupamaarya8888/%E0%A4%8F%E0%A4%95-%E0%A4%B2%E0%A4%A1%E0%A4%BC%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%A5%E0%A5%80-%E0%A4%B8%E0%A5%80%E0%A4%A7%E0%A5%80-%E0%A4%B8%E0%A4%BE%E0%A4%A6%E0%A5%80-%E0%A4%94%E0%A4%B0-%E0%A4%AC%E0%A4%BF%E0%A4%B2%E0%A5%8D%E0%A4%95%E0%A5%81%E0%A4%B2-%E0%A4%B8%E0%A4%BE%E0%A4%A7%E0%A4%BE%E0%A4%B0%E0%A4%A3-%E0%A4%B8%E0%A5%80-%E0%A4%AA%E0%A4%B9%E0%A4%B2%E0%A5%80-%E0%A4%A8%E0%A4%9C%E0%A4%BC%E0%A4%B0-%E0%A4%AE%E0%A5%87%E0%A4%82-%E0%A4%95%E0%A5%8B%E0%A4%88-%E0%A4%AD%E0%A5%80-%E0%A4%89%E0%A4%B8%E0%A5%87-%E0%A4%A6%E0%A5%87%E0%A4%96%E0%A4%95%E0%A4%B0-%E0%A4%AF%E0%A4%B9%E0%A5%80-%E0%A4%B8%E0%A5%8B%E0%A4%9A%E0%A4%A4%E0%A4%BE-%E0%A4%95%E0%A4%BF-%E0%A4%87%E0%A4%B8-%E0%A4%B2%E0%A4%A1%E0%A4%BC%E0%A4%95%E0%A5%80-cefded05730a
canonical_url
https://medium.com/@anupamaarya8888/%E0%A4%8F%E0%A4%95-%E0%A4%B2%E0%A4%A1%E0%A4%BC%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%A5%E0%A5%80-%E0%A4%B8%E0%A5%80%E0%A4%A7%E0%A5%80-%E0%A4%B8%E0%A4%BE%E0%A4%A6%E0%A5%80-%E0%A4%94%E0%A4%B0-%E0%A4%AC%E0%A4%BF%E0%A4%B2%E0%A5%8D%E0%A4%95%E0%A5%81%E0%A4%B2-%E0%A4%B8%E0%A4%BE%E0%A4%A7%E0%A4%BE%E0%A4%B0%E0%A4%A3-%E0%A4%B8%E0%A5%80-%E0%A4%AA%E0%A4%B9%E0%A4%B2%E0%A5%80-%E0%A4%A8%E0%A4%9C%E0%A4%BC%E0%A4%B0-%E0%A4%AE%E0%A5%87%E0%A4%82-%E0%A4%95%E0%A5%8B%E0%A4%88-%E0%A4%AD%E0%A5%80-%E0%A4%89%E0%A4%B8%E0%A5%87-%E0%A4%A6%E0%A5%87%E0%A4%96%E0%A4%95%E0%A4%B0-%E0%A4%AF%E0%A4%B9%E0%A5%80-%E0%A4%B8%E0%A5%8B%E0%A4%9A%E0%A4%A4%E0%A4%BE-%E0%A4%95%E0%A4%BF-%E0%A4%87%E0%A4%B8-%E0%A4%B2%E0%A4%A1%E0%A4%BC%E0%A4%95%E0%A5%80-cefded05730a
author_url
https://medium.com/@anupamaarya8888
status
ok
fetched_at
2026-08-02 15:26:51