← Back to list

नितिन गडकरी ने क्‍यों की सीएम योगी की तारीफ

केंद्रीय परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बोले, उत्तर प्रदेश अब नहीं रहा बीमारू राज्य

Shailendra Srivastava in Khabar Junction · 2025-02-14 12:33 · 51 claps · 5.9 min read
#transportation #national-highway #nitin-gadkari #rajnath-singh #defence-minister
Open on Medium ↗
Wiki topics: 🚆 · Urban & Transport

नितिन गडकरी ने क्‍यों की सीएम योगी की तारीफ

केंद्रीय परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बोले, उत्तर प्रदेश अब नहीं रहा बीमारू राज्य

नितिन गडकरी ने लखनऊ में 1028 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

नितिन गडकरी ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां और कहा उत्तर प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश की है तैयारी

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में फोरलेन के दो फ्लाईओवर का उद्घाटन एवं 588 करोड़ की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। सौ: सूचना विभाग

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में फोरलेन के दो फ्लाईओवर का उद्घाटन एवं 588 करोड़ की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। सौ: सूचना विभाग

लखनऊ: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को भारत की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दे रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी में रामराज्य स्थापित करने में सफलता हासिल की है। नितिन गडकरी लखनऊ में आयोजित 1028 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व गुरू व 5 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनाने का लक्ष्य रखा गया है और इसमें उत्तर प्रदेश की भूमिका अहम होगी। उन्होंने जोर दिया कि अगर सड़क, जल, ऊर्जा, परिवहन और संचार की व्यवस्थाएं मजबूत होंगी, तो उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, पूंजी निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 1.25 लाख करोड़ रुपये की सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, 1 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं और 1 लाख करोड़ रुपये की योजनाएं पाइपलाइन में हैं। उन्होंने कहा कि कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का निर्माण देश में पहली बार ‘ऑटोमेटेड इंटेलिजेंट मशीन एंड गाइडेड कंस्ट्रक्शन’ तकनीक से किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता बेहतर होगी और 10 वर्षों तक उस पर कोई गड्ढा नहीं बनेगा। इसके अलावा, पूर्वांचल को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वाराणसी से कोलकाता और गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक 75,000 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। गडकरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया कि इन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण और पर्यावरणीय स्वीकृतियों को शीघ्रता से पूरा किया जाए, जिससे इनका काम जल्द शुरू किया जा सके।

लॉजिस्टिक लागत कम कर भारत को बनाएंगे आर्थिक महाशक्ति: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अमेरिका और यूरोपीय देशों में लॉजिस्टिक लागत 12% और चीन में 8% है, जबकि भारत में यह पहले 16% थी। लेकिन मोदी सरकार ने इसे घटाकर 9% तक लाने का लक्ष्य रखा है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को डेढ़ गुना बढ़ावा मिलेगा और करोड़ों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे। परिवहन मंत्री ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए सिर्फ सड़कें बनाना ही काफी नहीं, बल्कि हमें ईंधन के क्षेत्र में भी नवाचार करने होंगे। उन्होंने बताया कि सरकार बायोफ्यूल, एथेनॉल, इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को बढ़ावा दे रही है। इससे किसानों को न केवल अन्नदाता, बल्कि ऊर्जा और ईंधन दाता भी बनाया जा रहा है। गडकरी ने कहा कि महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में ‘एडवांटेज विदर्भ’ कार्यक्रम के तहत साढ़े 9 लाख करोड़ रुपये के उद्योग स्थापित हो रहे हैं। इसी तरह, उत्तर प्रदेश में भी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए बड़े स्तर पर औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि जब कोई उद्योगपति निवेश करता है, तो वह सबसे पहले यह देखता है कि बिजली, पानी और सड़कों की स्थिति कैसी है। योगी सरकार ने इन सभी मोर्चों पर शानदार काम किया है, जिससे उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए पहली पसंद बन रहा है।

महाकुंभ मेले से यूपी की जीडीपी में 3 लाख करोड़ की बढ़ोतरी: गडकरी ने बताया कि प्रयागराज में हुए कुंभ मेले से राज्य की अर्थव्यवस्था को जबरदस्त फायदा हुआ। इस आयोजन से उत्तर प्रदेश की जीडीपी में 3 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है, जो कम लागत में ज्यादा रोजगार उत्पन्न करता है। होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट, छोटे व्यवसाय और स्थानीय कारीगरों को इसका सीधा लाभ मिला। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन की वृद्धि उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से और सशक्त बनाएगी। गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार की नई इन्वेस्टमेंट पॉलिसी के तहत एनएचएआई के बांड्स को स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध किया गया, जिससे हजारों करोड़ रुपये की पूंजी जुटाई गई। इससे स्पष्ट होता है कि देश में पैसों की कमी नहीं है, बल्कि सही नीति और पारदर्शिता से विकास को गति दी जा सकती है।

उत्तर प्रदेश बनेगा देश की आर्थिक रीढ़: नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 3.5 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है और अगले कुछ वर्षों में इसे 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था का ऐसा मजबूत वातावरण बना है, जहां अपराधियों में भय और निवेशकों में विश्वास है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश जल्द ही देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शामिल होगा और भारत को विश्वगुरु बनाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ इन्वेस्ट हब के रूप विकसित हो रहा लखनऊ: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले, अगले मई-जून महीने से लखनऊ में शुरू हो जाएगा ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण का कार्य

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने लखनऊ में 1028 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ साथ इन्वेस्ट हब के रूप में लखनऊ को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि हाल के एक अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षण में लखनऊ को दुनिया के उन शहरों में शामिल किया गया है, जहां तेजी के साथ विकास हो रहा है और भूमि की कीमतें सबसे तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यों का स्मरण करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री की मंशानुरूप यूपी में शहरी और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि 2004 से 2014 तक देश में अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर केवल 1.78 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जबकि 2014 से 2024 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस क्षेत्र में 28.52 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। लखनऊ मेट्रो के विस्तार पर भी जोर दिया गया, जिसमें चारबाग से वसंत कुंज तक की परियोजना को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में यातायात सुगमता के लिए कई फ्लाईओवर और हाईवे बनाए जा रहे हैं। पॉलीटेक्निक चौराहे से मुंशी पुलिया तक 170 करोड़ रुपये की लागत से बने चार लेन फ्लाईओवर और इंदिरा नगर से खुर्रमनगर तक 270 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त, अमर शहीद पथ के पास सर्विस रोड के निर्माण हेतु 45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

लखनऊ में रेलवे और हवाई यातायात को मिलेगा बढ़ावा: रक्षा मंत्री व लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ के रेलवे नेटवर्क को और अधिक उन्नत किया जा रहा है। गोमतीनगर रेलवे टर्मिनस, आलमनगर सैटेलाइट स्टेशन, ऐशबाग और बादशाहनगर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। ट्रांसपोर्ट नगर और उत्तरेठिया स्टेशन का उच्चीकरण भी किया जा रहा है। हवाई सेवाओं को भी विस्तार देने के लिए लखनऊ एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुविधा और बेहतर हो सके। रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ में डिफेंस कॉरिडोर के तहत ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना का उद्घाटन आगामी मई-जून में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास में एक नई ऊंचाई पर पहुंचेगा। इसके अलावा, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे लखनऊ से कानपुर की यात्रा मात्र 40 मिनट में पूरी हो सकेगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास के बाद उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन में वृद्धि हुई है, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। लखनऊ में रियल एस्टेट, होटल इंडस्ट्री और चिकित्सा क्षेत्र में भी नए निवेश देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने नितिन गडकरी से लखनऊ में और अधिक सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए अनुरोध किया, जिन्हें केंद्रीय मंत्री ने स्वीकृति दे दी। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ को विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में यह परियोजनाएं मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में लखनऊ भारत के शीर्ष शहरों में शामिल होगा और उत्तर प्रदेश देश की आर्थिक तरक्की में प्रमुख भूमिका निभाएगा।


메타데이터
post_id
e238fb6217d2
slug
नितिन-गडकरी-ने-क्-यों-की-सीएम-योगी-की-तारीफ-e238fb6217d2
url
https://medium.com/khabar-junction/%E0%A4%A8%E0%A4%BF%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%A8-%E0%A4%97%E0%A4%A1%E0%A4%95%E0%A4%B0%E0%A5%80-%E0%A4%A8%E0%A5%87-%E0%A4%95%E0%A5%8D-%E0%A4%AF%E0%A5%8B%E0%A4%82-%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%B8%E0%A5%80%E0%A4%8F%E0%A4%AE-%E0%A4%AF%E0%A5%8B%E0%A4%97%E0%A5%80-%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%A4%E0%A4%BE%E0%A4%B0%E0%A5%80%E0%A4%AB-e238fb6217d2
canonical_url
https://medium.com/khabar-junction/%E0%A4%A8%E0%A4%BF%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%A8-%E0%A4%97%E0%A4%A1%E0%A4%95%E0%A4%B0%E0%A5%80-%E0%A4%A8%E0%A5%87-%E0%A4%95%E0%A5%8D-%E0%A4%AF%E0%A5%8B%E0%A4%82-%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%B8%E0%A5%80%E0%A4%8F%E0%A4%AE-%E0%A4%AF%E0%A5%8B%E0%A4%97%E0%A5%80-%E0%A4%95%E0%A5%80-%E0%A4%A4%E0%A4%BE%E0%A4%B0%E0%A5%80%E0%A4%AB-e238fb6217d2
author_url
https://medium.com/@sh-srivastava
status
ok
fetched_at
2026-07-26 13:09:28